आगरा। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले महाजनसंपर्क अभियान में भाजपा आगरा जिले को खास मान रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को आगरा से टिफिन पर चर्चा की शुरुआत करने जा रहे हैं। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में यह पहला कार्यक्रम होगा। इसमें राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। गुरुवार को कार्यक्रम तय होने के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सरकार को 9 वर्ष पूरे होने पर भाजपा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में टिफिन पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन होगा।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तर विधानसभा क्षेत्र में टिफिन पर चर्चा का कार्यक्रम तय हो गया है। दयालबाग में सौ फीट रोड स्थिति जतिन रिसार्ट में शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चलने वाले कार्यक्रम में जेपी नड्डा दायित्ववान और पुराने कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। टिफिन पर चर्चा कार्यक्रम प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने हैं। इनकी शुरुआत उत्तर विधानसभा क्षेत्र से की जा रही है। 
इस विधान सभा क्षेत्र के मतदाता 3 दशक से अधिक समय से भाजपा के साथ हैं। प्रदेश में लहर किसी की भी चली हो, लेकिन यहां से विधायक भाजपा के ही चुने गए हैं। लोकसभा चुनाव और नगर निकाय चुनाव में भी इस विधान सभा क्षेत्र से पार्टी को बड़ी लीड मिलती है।
हाल में हुए निकाय चुनाव में भी इस विधान सभा क्षेत्र में भाजपा का शानदार प्रदर्शन रहा है। यहां से भाजपा के 22 पार्षद और 3 बागी भी विजयी हुए हैं। मेयर हेमलतता दिवाकर को भी यहां से बड़ी लीड मिली है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम तय होने की जानकारी मिलते ही पार्टी के पदाधिकारियों ने दायित्ववान और पुराने कार्यकर्ताओं को जानकारी दे दी है।