जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृहक्षेत्र जोधपुर में अतिक्रमण हटाने के दौरान अतिक्रणकारी केबिन संचालक ने राजस्व अधिकारी को जलाने की कोशिश की। अतिक्रमणकारी ने उन पर पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद निगम दस्ते के साथ आए कर्मचारियों ने राजस्व अधिकारी को पीछे किया और प्रदर्शन कर रहे व्यक्ति को काबू में किया। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि यहां से केबिन हटाया गया तो उग्र प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद दस्ता बिना अतिक्रमण हटाए ही चला गया।
  नगर निगम का दस्ता जालोरी गेट पर एक अतिक्रमण को हटाने के लिए गया था। वहां सरकारी भूमि पर कई बरसों से सरस डेयरी का केबिन संचालित हो रहा था। केबिन संचालक अशोक सोलंकी को निगम ने पूर्व में केबिन संचालन करने की अनुमति दे रखी थी। गत 2 फरवरी को निगम की ओर से एक आदेश जारी किया गया। उसमें बताया गया कि केबिन संचालक नियमों के विरुद्ध सरस केबिन में गुटखा बीड़ी सिगरेट सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री बेचता है।
  इसके चलते वहां केबिन संचालन की अनुमति रद्द की गई है। उसके बाद निगम दस्ता मौके पर इस केबिन को हटाने पहुंचा। इस दौरान निगम दस्ते को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। वहीं केबिन संचालक के पक्ष में घांची समाज के तथा स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकटठे हो गए। उनका कहना है कि पिछले 35 बरसों से यह व्यक्ति यहां पर केबिन चला रहा है।
  निगम इस भूमि पर किसी रसूखदार के दबाव में अतिक्रमण कराने की नियत से इसके केबिन इनको बिना विधिक कार्रवाई अपनाएं हटाने का प्रयास कर रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लंबे समय से एक रसूखदार व्यक्ति इस भूमि पर नजर गड़ाए बैठा है। निगम उसका सहयोग कर रही है।