संजीवनी नगर में सनसनी, पुलिस ने घेराबंदी तेज की
जबलपुर: संजीवनी नगर में ऑटो सवार वृद्धा से चेन लूट, शोर मचाने पर बाइक सवार बदमाश हुए फरार
जबलपुर: शहर के गढ़ा स्थित संजीवनी नगर क्षेत्र में आज सुबह दिनदहाड़े लूट की एक वारदात से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने ऑटो में सवार एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। महिला ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन लुटेरे धक्का देकर भागने में सफल रहे।
रिश्तेदार के घर जाते समय हुई वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, त्रिमूर्ति नगर गोहलपुर निवासी 67 वर्षीय श्रीमती अलका चौधरी जैन आज सुबह अपनी समधिन सुधा जैन के साथ विजय नगर से ई-रिक्शा में बैठकर संजीवनी नगर स्थित अपने रिश्तेदार डॉक्टर मनोज जैन के घर जा रही थीं। सुबह करीब 9 बजे जब उनका ई-रिक्शा संजीवनी नगर कॉलोनी के पास पहुँचा, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके करीब आए।
झपट्टा मारकर छीनी चेन, महिला को आई खरोंच
बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक अलका चौधरी के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींचने लगा। बुजुर्ग महिला ने हिम्मत दिखाते हुए चेन को मजबूती से पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश ने जोर से झटका दिया और महिला को धक्का देकर बाइक पर बैठकर फरार हो गया। इस छीना-झपटी के दौरान वृद्धा के गले में चोट के निशान भी आए हैं।
हरे रंग की टी-शर्ट में था लुटेरा
वारदात के बाद अलका चौधरी और सुधा जैन ने जोर-जोर से शोर मचाया, जिसे सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। कुछ युवाओं ने बाइक सवार लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन वे गलियों का फायदा उठाकर भाग निकले। पीड़िता ने संजीवनी नगर थाने पहुँचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि चेन लूटने वाला युवक हरे रंग की टी-शर्ट पहने हुए था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
संजीवनी नगर पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के मार्ग और उनकी पहचान की जा सके। शहर में लगातार बढ़ रही झपटमारी की वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महिला आरक्षण पर बढ़ा विवाद: कांग्रेस बोली—PM बुलाएं सर्वदलीय बैठक
AAP के भीतर सियासी बयानबाजी तेज, Saurabh Bharadwaj का Raghav Chadha पर हमला
युद्ध का असर भारत तक: तारकोल महंगा, सड़क परियोजनाएं अटकीं
बिश्केक में भारत-चीन रक्षा मंत्रियों की बैठक, Rajnath Singh ने जताई खुशी