हादसे के पीछे अलग-अलग दावे, सच का पता नहीं चल पाया
सवाई माधोपुर। जिले में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के चलते एक और जान चली गई। जानकारी के अनुसार रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र के डेकवा गांव से कुस्तला के बीच मार्ग पर अवैध बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को अवैध बजरी परिवहन की सूचना मिली और पुलिस कार्रवाई के लिए डेकवा की ओर रवाना हुई।
पेड़ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली
पुलिस की भनक लगते ही ट्रैक्टर चालक ने वाहन को तेज गति से दौड़ाना शुरू कर दिया। इसी हड़बड़ाहट में ट्रैक्टर-ट्रॉली पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और चालक उसके नीचे दब गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय पिंटू उर्फ पप्पू प्रजापत पुत्र गोगाराम प्रजापत निवासी कुस्तला गांव के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। साथ ही जेसीबी की सहायता से पलटे हुए ट्रैक्टर को सीधा करवाया गया और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
परिजनों का अलग दावा
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मृतक के परिजनों का अलग ही बयान सामने आया है। मृतक के बड़े भाई नरसी प्रजापत के अनुसार सुबह पिंटू उसके साथ शौच के लिए जा रहा था और दोनों के बीच लगभग 20 मीटर की दूरी थी। इसी दौरान डेकवा की ओर से तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली आई और पिंटू को टक्कर मार दी। उनका कहना है कि टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलट गई और चालक मौके से फरार हो गया।
बयानों में विरोधाभास और सवाल
घटना को लेकर सामने आए दोनों पक्षों के बयानों में स्पष्ट विरोधाभास नजर आ रहा है। यदि ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पिंटू को टक्कर मारी, तो उसके बाद वाहन के सड़क किनारे जाकर पलटने की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं पुलिस इस मामले में फिलहाल कोई स्पष्ट बयान देने से बच रही है। परिजनों के दावे भी कुछ हद तक उलझन पैदा कर रहे हैं। फिलहाल घटना की वास्तविकता क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

मीजल्स से रतलाम में बच्ची की मौत, स्वास्थ्य विभाग की सूचना में देरी
भारी वर्षा के बाद NH-39 मार्ग पर गड्ढों ने बढ़ाई यात्रियों की मुश्किलें
वीर दास बोले, ‘यहां सितारों का अहंकार सबसे बड़ी चुनौती’
महिला समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
सोशल मीडिया पर अली फजल का रोमांटिक मैसेज, लिखा 'मुबारक हो पार्टनर...'