जयपुर। राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर थमते ही अब गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। रविवार को सुबह से आसमान साफ रहा और तेज धूप के चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य के पश्चिमी जिलों के साथ-साथ पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के 12 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं, अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है और कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, आने वाले 4 से 5 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो पूरे प्रदेश में आसमान साफ रहा। बीकानेर और जोधपुर संभाग में सुबह से ही तेज धूप रही, जिससे शाम तक गर्मी का असर बना रहा। रविवार को सबसे अधिक तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर में 37.6, जोधपुर और कोटा में 37.4, फलोदी में 37.8, प्रतापगढ़ में 37.2, जालोर और उदयपुर में 37.1, बीकानेर में 36.4, वनस्थली (टोंक) में 36.1, पिलानी, श्रीगंगानगर और चूरू में 35.8, दौसा और करौली में 35.4, पाली में 35.1 तथा जयपुर और अजमेर में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, इस सप्ताह प्रदेश में गर्मी और तेज होगी। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, हालांकि फिलहाल हीटवेव चलने की संभावना नहीं है।